Homeदेशगांधी जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक,...

गांधी जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

इटावा, 29 सितंबर 2026। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले गांधी जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि 2 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और अंत्योदय की अवधारणा पर प्रकाश डाला जाएगा। विद्यालयों में गांधीवादी विचारधारा पर आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही निर्बल वर्गों के कल्याण, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण पर रहेगा विशेष जोर

पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में वृक्षारोपण कराया जाएगा। नगर पालिका एवं पंचायती राज विभाग द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर मलिन बस्तियों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त शास्त्री चौराहा स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं, पार्कों और सड़कों की सफाई तथा चूना छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 2 अक्टूबर को जनपद की सभी शराब एवं मांस की दुकानें बंद रहेंगी। इसके अनुपालन की जांच आबकारी और पुलिस विभाग द्वारा की जाएगी।

स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी फिट इंडिया फ्रीडम रन

खेलकूद गतिविधियों के अंतर्गत स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को अपर जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के तहत प्रातः 10 बजे जिलाधिकारी द्वारा कुष्ठ एवं टीबी रोगियों को फल वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही कांशीराम कॉलोनी में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।

गांधी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपनाने की अपील

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और राष्ट्रीय एकता के आदर्शों तथा लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सर्वधर्म समभाव और पंचायती राज के सिद्धांतों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने पुलिस, आबकारी, नगर पालिका, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का समय से निर्वहन करते हुए गांधी जयंती समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, सीओ ट्रैफिक, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आज की खबरें

Advertisements

All Time Popular Article